लड़ाकू विमानों का साउंड बैरियर टूटा, धमाके से जोधपुर समेत 3 जिलों में कंपन
पाकिस्तान के खिलाफ एयर स्ट्राइक के बाद राजस्थान से सटी पश्चिमी सीमा इन दिनों सुर्खियों में है। पाक की ओर से रैकी के लिए ड्रोन भेजने की लगातार घटनाओं के बीच भारतीय वायुसेना दुश्मन को करारा जवाब देने के लिए लगातार युद्धाभ्यास में जुटी हैं। इसके लिए जोधपुर व फलोदी एयरबेस से रोजाना लड़ाकू विमान उड़ रहे हैं।
युद्धाभ्यास के दौरान ही बुधवार रात पाकिस्तान को थर्राने के लिए दो सुखोई-30 एमकेआई ने फलोदी से गुजरते हुए जैसलमेर के नोख क्षेत्र के आसपास साउंड बैरियर तोड़ा। इससे दो बार तेज धमाकों की आवाज सुनाई दी। करीब 7 हजार मीटर की ऊंचाई पर उड़ते विमान से सोनिक बूम का धमाका हुआ। जो सरहदी क्षेत्र में 100 किमी से ज्यादा के दायरे में सुनाई दिया। एकबारगी तो लोग डरकर घरों से बाहर आ गए। घरों के दरवाजों व खिड़कियों में पांच से छह सैकंड तक तेज कंपन होता रहा।
जोधपुर के फलोदी, बाप के अलावा बीकानेर के बज्जू व जैसलमेर के नोख क्षेत्र के गांवों में धमाके की आवाज सुनाई। लोग को पहले तो लगा कि कहीं बम गिरा है, लेकिन बाद में प्रशासन व पुलिस ने इसे एयरफोर्स का नियमित अभ्यास बताया। गत 3 मार्च को फलोदी व बाप एसडीएम ऑफिस की ओर से इसकी एडवाइजरी जारी की गई थी। इसमें बताया गया था कि आने वाले दिनों में एयरफोर्स की ओर युद्धाभ्यास किया जाएगा। इससे धमाकों की आवाज सुनाई देगी, इससे भयभीत नहीं हों और डरें नहीं।
भास्कर नॉलेज: युद्ध व अभ्यास के दौरान ही होता है सोनिक बूम
जब कोई लड़ाकू विमान आवाज की गति (332 किमी प्रति सैकंड) को पार कर करता है तो साउंड बैरियर ब्रेक हो जाता है। इससे तेज धमाके की आवाज होती है, जिसे सोनिक बूम कहते है। इस दौरान लड़ाकू विमान की स्पीड 1200 किमी प्रति घंटा होती है।युद्ध या युद्धाभ्यास के दौरान, दुश्मन देश के विमान का पीछा करते हुए स्पीड बढ़ाते समय अक्सर साउंड बैरियर ब्रेक होता है। इससे ही सोनिक बूम की आवाज गूंजती है। पायलट को रिहायशी इलाके के ऊपर साउंड बैरियर ब्रेक करने की इजाजत नहीं है। एयरफोर्स के विमानों ने बुधवार रात सुनसान इलाके में साउंड ब्रेक किया, लेकिन धमाके की आवाज तेज होने के कारण ये जोधपुर, बीकानेर व जैसलमेर जिले के 100 किमी के दायरे में आने वाले गांवों में सुनाई दी।
प्रशासन ने एयरफोर्स का नियमित अभ्यास बताया
सोनिक बूम के धमाकों के बाद प्रशासन ने आम लोगों इससे भयभीत नहीं होने की अपील करते हुए कहा है कि यह एयरफोर्स की नियमित अभ्यास का हिस्सा है, इससे घबराए नहीं। फलोदी एडीएम राजेन्द्रसिंह चारण ने बताया कि एयरफोर्स के उच्चाधिकारियों ने बताया है कि यह एयरफोर्स नियमित अभ्यास का हिस्सा था। कुछ दिन पूर्व भी एयरफोर्स ने ऐसे अभ्यास के बारे में सूचित कर दिया था। लेकिन आज पूर्व सूचना नहीं दी मिली इसलिए जनता को इस संबंध में सूचित नहीं किया जा सका।

Comments
Post a Comment
Thanks